पूर्वी तूफान के प्रबंध संपादक बसंत कुमार सिन्हा की सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. वेद प्रकाश मिश्र से विशेष भेंटवार्ता पर आधारित
बलिया | होली पर्व के मद्देनज़र जनपद बलिया में मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आयुक्त के निर्देश तथा आजमगढ़ मंडल के सहायक आयुक्त (खाद्य) के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. वेद प्रकाश मिश्र ने पूर्वी तूफान के प्रबंध संपादक से भेंटवार्ता में बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावट की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए विभाग पूरी सतर्कता के साथ बाजारों की निगरानी कर रहा है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरिन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने 23 फरवरी को जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मराज शुक्ल द्वारा 2 नमूने बेसन, 1 नमूना बूंदी के लड्डू, 1 नमूना खोया तथा 1 नमूना वनस्पति घी का संग्रह कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान संदिग्ध गुणवत्ता की मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। कुल 12 किलोग्राम गुलाब जामुन, 14 किलोग्राम छेना स्वीट्स तथा 4 किलोग्राम रंगीन जलेबी को विनष्ट कराया गया, जिनकी अनुमानित कीमत 4,420 रुपये बताई गई है।
डॉ. मिश्र ने आम नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक गहरे रंग की मिठाइयों की खरीद से बचें तथा खरीदारी करते समय स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। साथ ही मिठाई निर्माताओं एवं विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि खाद्य रंगों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप और न्यूनतम मात्रा में करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग द्वारा यह अभियान होली तक निरंतर जारी रहेगा। खाद्य कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार के अवसर पर विभाग की इस सक्रियता से जहां आमजन में भरोसा बढ़ा है, वहीं मिलावटखोरों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।