बबुआपुर सोनवानी मठिया के महंत संत सुदर्शन दास जी महाराज ब्रह्मलीन, गंगा घाट पर दी गई जल समाधि

हल्दी (बलिया)। क्षेत्र के प्रसिद्ध संत एवं बबुआपुर सोनवानी स्थित मठिया के महंत संत सुदर्शन दास जी महाराज शनिवार की सुबह ब्रह्मलीन हो गए। उनके ब्रह्मलीन होने की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मठिया पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देने लगे।
संत सुदर्शन दास जी महाराज लंबे समय से आध्यात्मिक साधना, भक्ति एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय थे। उनके सान्निध्य में अनेक श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन मिलता रहा। उनके ब्रह्मलीन होने से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में गहरा शोक व्याप्त है।
शनिवार को उनकी भव्य अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु, संत-महात्मा और ग्रामीण शामिल हुए। भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से अपने पूज्य संत को अंतिम विदाई दी।
अंतिम यात्रा पचरुखिया स्थित गंगा घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ उन्हें जल समाधि दी गई। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने महान संत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
टिप्पणियाँ