अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विकास भवन में कार्यक्रम, डीएम ने महिलाओं को किया सम्मानित
बलिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को विकास भवन सभागार में महिला कल्याण विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस दौरान राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में बाल गृह (बालिका) की आवासित बालिकाएं नीरू, एंजेल, आशा और शिवानी तथा अधीक्षिका अमिता रानी जैन को सम्मानित किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को स्कूल बैग वितरित करते हुए दिव्या, आराध्या और सलोनी को सम्मानित किया गया।
खेल के क्षेत्र में अदिति सिंह को सम्मानित किया गया, जबकि समाज सेवा के क्षेत्र में पलक, सिम्पी, शालू, निधि कुमारी और संध्या पांडेय को सम्मानित किया गया। होमगार्ड बबीता प्रजापति को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग से अंजलि सिंह तोमर, प्रतिमा उपाध्याय, रंजिता सिंह, जुलेखा और अन्नू सिंह को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज नारी शक्ति हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण देश और समाज की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। महिलाएं शिक्षा, खेल, प्रशासन, विज्ञान और समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ महिलाओं और बालिकाओं को मिल रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। जिलाधिकारी ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) के. एम. पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ