बलिया। विकासखंड हनुमानगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत वैना में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्राम प्रधान महेश यादव ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम पंचायत के सभी लोगों को एक ही छत के नीचे सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंचायत भवन का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि वैना का पंचायत भवन अपनी सुविधाओं और व्यवस्था के कारण अलग पहचान बना चुका है। पंचायत भवन में सरकार के मानकों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।
ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाने और खुले में शौच की समस्या को समाप्त करने के उद्देश्य से स्वच्छ भारत मिशन के तहत सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिल रही है। हालांकि कूड़ा प्रबंधन के लिए आरआरसी सेंटर और अन्नपूर्णा भवन के निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध न होने के कारण यह सुविधा अभी तक पंचायत में शुरू नहीं हो सकी है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और भूमि उपलब्ध होते ही इन योजनाओं को भी शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए प्रधान महेश यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय और कंपोजिट विद्यालय में कायाकल्प योजना के तहत सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करा दिए गए हैं। वहीं जूनियर हाई स्कूल में भी कायाकल्प के तहत बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया है तथा विद्यालय परिसर में इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया है, जिससे छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि पंचायत के सभी प्राथमिक, कंपोजिट और जूनियर हाई स्कूलों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराए गए हैं।
ग्राम पंचायत में सड़क और नाली निर्माण का कार्य भी आवश्यकता के अनुसार कराया गया है। कई ऐसे स्थान थे जहां पिछले कई कार्यकाल से कोई विकास कार्य नहीं हुआ था। वहां इंटरलॉकिंग सड़क और अंडरग्राउंड नाली का निर्माण कराया गया है, जिससे जलजमाव की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि नगीना नगर में नंदलाल के घर से घूरा चौधरी के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया है। वहीं महेंद्र गोंड के घर से मुन्ना गोंड के घर तक अंडरग्राउंड नाली का निर्माण कर जलजमाव की समस्या को समाप्त किया गया है। इसके अलावा केदार चौबे के घर से दिना ठाकुर के घर तक पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं था, जिसके कारण वहां अंडरग्राउंड नाली बनवाकर इस समस्या का समाधान किया गया है।
अंत में ग्राम प्रधान महेश यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है और पंचायत के समग्र विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।