ग्राम पंचायत मधुबनी में विकास कार्यों को मिला नया आयाम: अरुण कुमार यादव

बलिया। विकासखंड बैरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत मधुबनी में विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि एवं अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिला महासचिव अरुण कुमार यादव ने एक भेंटवार्ता में बताया कि ग्राम पंचायत में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मूर्त रूप दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

उन्होंने बताया कि पंचायत भवन का निर्माण कराया गया है, जहां ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजना के अंतर्गत सीएसपी जन सेवा केंद्र का निर्माण भी कराया गया है, जिससे सरकारी योजनाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस जन सेवा केंद्र के शुरू होने से ग्रामीणों को छोटे-बड़े सरकारी कार्यों के लिए अन्यत्र भटकना नहीं पड़ेगा। उनके अनुसार यह विकासखंड का पहला ऐसा जन सेवा केंद्र है, जहां से कई प्रकार की सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को खुले में शौच जाने से मुक्ति मिल सके। इसके अलावा कूड़ा प्रबंधन के लिए आरआरसी सेंटर का निर्माण कराया गया है तथा सार्वजनिक स्थलों पर डस्टबिन भी लगाए गए हैं, ताकि ग्रामीण कूड़ा इधर-उधर न फेंककर डस्टबिन में ही डालें और ग्राम पंचायत स्वच्छ व सुंदर बनी रहे।
ग्राम पंचायत में बाजार लगाने के लिए हॉट शेड का निर्माण कराया गया है, जिससे दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से बैठकर सामान बेचने की सुविधा मिल रही है। इससे ग्राहकों को भी आसानी से खरीदारी करने में सहूलियत होगी और बरसात के मौसम में भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
नाली और इंटरलॉकिंग के संबंध में उन्होंने बताया कि रामजी के घर से नायाब पासवान के घर तक सड़क निर्माण का कार्य विशेष प्रयास से पूरा कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल रही है।
हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत के विकास में कुछ समस्याएं भी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्राम पंचायतों के विकास की प्रमुख योजना है, लेकिन वर्तमान में मनरेगा का आईडी जनरेट न होने से विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। इसके अलावा बजट के अभाव में भी कुछ कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान गांव की कई सड़कें और गलियां खुदाई के कारण क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी से ध्यान देकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।
अंत में अरुण कुमार यादव ने कहा कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही संगठन का संकल्प है और इसी दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

टिप्पणियाँ